बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा की। कहा कि जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही टंकियों का निर्माण गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए। पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए। अगर किसी प्रकार की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विकास खंडों में एक बीओ की तैनाती की जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए की सभी बीओ, फार्मासिस्ट, पशुधन प्रसार अधिकारी की सही तरह से तैनाती होनी चाहिए और कौन कहां पर तैनात है, उसकी जानकारी हमें उपलब्ध कराएं। जनपद में सभी पशु चिकित्सालय संचालित होनी चाहिए। किसी प्रकार की शिकायत नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में आवारा पशु घूमते दिखें तो चिह्नित कर गोशाला स्थलों पर सुरक्षित करें। बेलहरी गोआश्रय में अधिक पशु रखे जाने के मामले में कहा कि पशुओं को बछईपुर और जिगरिसड़ की गोशाला में शिफ्ट कराएं। सभी गोशाला स्थलों पर पशुओं के लिए हरा चारा, भूसा, बैठने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाए। सभी गोआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रहें। सभी बीओ के मोबाइल नंबर से सीसीटीवी कैमरे जुड़े होने चाहिए, जिससे गोआश्रय स्थलों की निगरानी की जा सके। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि विकास भवन में बने कंट्रोल रूम का उद्घाटन 02 अगस्त को किया जाएगा। इससे गोशालाओं/गांव सचिवालयों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, डीडीओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार मिश्रा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।