बलिया। गाजीपुर से रसड़ा होते हुए गड़वार मोड़ नगरा से खनवर खाकी बाबा धाम तक जाने वाले राज्यमार्ग 108 पर फोरलेन का काम चल रहा है। धर्मार्थ योजना तहत के तैयार हो रहे मुख्य मार्ग की शासन से दूसरी किस्त जारी हो गई है। मार्च में शासन ने 222. 58 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। कार्य प्रारंभ के लिए शासन ने 14.40 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई थी। दूसरी किस्त 15 करोड़ जारी की गई है।
खनवर खाकी बाबा तक 18 किमी सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के बीच में डिवाइडर के साथ ही आकर्षक फूल आदि लगाए जाएंगे। इस सड़क के बेहतर बन जाने खाकी बाबा धाम तक की यात्रा आसान हो जाएगी। उधर, नगरा से तुर्तीपार तक स्टेट हाईवे को लगभग 20 किलोमीटर तक चौड़ीकरण का कार्य जारी है। इसके लिए शासन ने 128.59 करेाड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रथम किस्त 18 करोड़ की धनराशि जारी की गई थी। यह सड़क को 10 मीटर तक चौड़ी बनाई जा रही है। यह मुख्य सड़क रसड़ा से गोरखपुर तक जाती है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता कमलाकांत ने बताया कि फोरलेन का कार्य चल रहा है। शासन से धनराशि जारी हुई है। तुर्तीपार तक सड़क को बेहतर तरीके से बनाया जा रहा है। खनवर खाकी बाबा स्थान तक जाने वालों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।