जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के टोला शिवन गांव निवासी गोलू यादव की हत्या के तीसरे दिन संवेदना प्रकट करने वालों का घर पर तांता लगा रहा। मां व दादी की हालत अभी भी खराब है। मां बेटे को याद कर बेहोश हो जा रही है। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
मृतक के चाचा बसंत यादव का कहना है कि जब तक बदमाश पकड़े नहीं जाते, तब तक पूरे परिवार में भय रहेगा। घटना को लेकर गांव में तनाव है। पुलिस सादे वेश में गांव व चट्टी पर भ्रमण कर अराजकतत्वों पर नजर रख रही है।
एसपी दक्षिणी कृपाशंकर, एसडीएम आलोक प्रताप सिंह व सीओ मु. फहीम कुरैसी ने शनिवार की शाम पीड़ित परिजनों से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। सुरक्षा को लेकर गांव में पुलिस तैनात है। पुलिस की चार टीमें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। मुख्यारोपी के बिहार में भागने की आशंका पर पुलिस वहां भी खोजबीन कर रही है। सर्विलांस टीम भी आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी है। स्थानीय लोगों में इस घटना के पीछे के कारणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। गिरफ्तार दो आरोपियों से कोई अहम जानकारी नहीं मिल सकी है।