बलिया के चीलकहर में छठ पर्व के खत्म होते ही ऐसी तस्वीर सामने आई जो संवेदनहीनता को दर्शा रही थी। भक्तों को पूजा से लौटते समय लाल कपड़े में लिपटी अबोध बच्ची दिखाई दी। स्थानीय जनता ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी फिलहाल के लिए बच्ची को पास की रहने वाली महिला को सौंपा गया है।
गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी समाधि बाबा के पोखरे के समीप सती माता स्थान पर बृहस्पतिवार की रात छठ पूजा के ठीक बाद एक सप्ताह की बच्ची को कंबल में कोई छोड़ गया। पूजा खत्म होने के बाद जा रहे श्रद्धालुों ने देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में बगल के ही एक महिला को उस अबोध बच्ची को सौंप दिया।
समाचार लिखे जाने तक चाइल्ड केयर विभाग सहित कोई भी कर्मचारी बच्ची को लेने नहीं पहुंचा था। पुलिस पास के सीसीटीवी को खंगाल रही है और जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रही है कि आखिर इसे कौन छोड़कर गया है। इस तरह की संवेदनहीन घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।