राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को शपथ दिलाते एडीएम मनोज सिंघल।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी श्री सुरेंद्र विक्रम ने गुरुवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई । साथ सभी को आह्वान किया कि वह लोग मतदाता जागरूकता में अपनी पूरी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा जो नवयुवक और नवयुवतियां 18 वर्ष के हो गये हैं । उनके व छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें । उन्होंने कहा मतदान का प्रतिशत हमें हर हाल में बढ़ाना है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने अपने विचार व्यक्त किए । इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार पांडेय सहित विभिन्न अनुभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने आज बांसडीह तहसील पहुंचकर वहां पर हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूकता रैली को रवाना किया। बैंड बाजों के साथ निकली मतदाता जागरूकता रैली पूरे नगर में भ्रमण कर मतदाताओं में जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बांसडीह अनिल चतुर्वेदी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिला अधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि कहीं पर भी कच्ची शराब न तो बननी चाहिए और न ही बिकनी चाहिए। कहा कि इस पर कड़ी निगरानी रखी जाय व प्रवर्तन कार्यवाही तेज की जाय।
वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को मजबूत लोकतंत्र के लिए शपथ दिलाई। लोक निर्माण विभाग के दोनों खंड निर्माण और प्रांतीय खंड में भी शपथ दिलाई गई। जिला कमांडेंट होमगार्ड गुरुचरण रावत द्वारा होमगार्ड कार्यालय के प्रांगण में जवानों को शपथ दिलाई।
राजकीय इंटर कालेज की कला अध्यापक डा. इफ्तेखार खा व लक्ष्मण प्रसाद द्वारा तीन श्रेणीयो में मजबूत लोकतंत्र में सबकी भागीदारी विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा- 6 से 8 तक में नाहिद प्रवीण को प्रथम, हिमांशु सिंह को द्वितीय तथा आशुभान तिवारी को तृतीय स्थान मिला। कक्षा- 9 से 12 में मो0 कैफ को प्रथम, निशा सिंह को द्वितीय व सत्यम शेखर को तृतीय स्थान मिला। स्नातक स्तर पर अजय कुमार यादव को प्रथम, बृजेश कुमार सिंह वर्मा को द्वितीय व जूही को तृतीय स्थान मिला। जिसे एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। आनश खान व धनंजय पाल को विशिष्ट स्थान मिला।
कार्यक्रम का संचालन प्रेम शंकर सिंह ने किया। बेरुआरबारी ः मतदाता दिवस पर गांधी महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जो मिड्ढा, करिहरा, बेरुआरबारी ब्लॉक से शिवपुर दतिवढ़ होते हुए वापस महाविद्यालय पहुंच कर समाप्त हुई। रैली को प्रख्यात समाजसेवी महेंद्र प्रताप शुक्ल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सिकंदरपुर ः राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर गुरुवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में नए मतदाताओं को शपथ दिलाई गई। उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर राजेश कुमार यादव ने तहसील सभागार में युवा मतदाताओं को शपथ दिलाई। बेल्थरारोडः मतदाता दिवस पर गुरुवार को देवेंद्र पीजी कालेज के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली।
उप जिलाधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विद्यालय प्रांगण से प्रारंभ होकर रैली मधुबन मार्ग से त्रिमुहानी होते हुए नगर भ्रमण कर रेलवे चौराहे पर समाप्त हुई। इस मौके पर डॉ शिवाकांत मिश्र, डॉ मिथिलेश सिंह समेत छात्र अभिभावक मौजूद रहे। अंत में ब्लॉक परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान की शपथ ली।