जिला अस्पताल रोड स्थित जगदीशपुर चौराहे पर एक नर्सिंग होम में मासूम की मौत के बाद तीमारदारों सहित आसपास के लोगों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही जिला अस्पताल जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया। इसी बीच महिला अस्पताल जा रहे काबीना मंत्री रामगोविंद चौधरी के काफिले को रोककर नर्सिंग होम संचालक पर कार्रवाई की मांग करने लगे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया।
खेजुरी थाना क्षेत्र के हथौज निवासी चंदन वर्मा पांच माह के मासूम को लेकर केजरीवाल नर्सिंग होम में इलाज कराने पहुंचा। चिकित्सक प्राथमिक उपचार के बाद निजी कार्य से कचहरी चला गया। इसी बीच मासूम की हालत बिगड़ गई। इसके बाद कर्मचारियों ने कोई इंजेक्शन लगा दिया और कहा कि बच्चा ठीक है, इसे घर लेकर जाइए।
अभी घरवाले बच्चे को ले जाने के लिए नर्सिंग होम से बाहर निकले ही थे कि इसी बीच उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत होने के साथ ही मासूम की मां दहाड़े मारकर रोने लगी। थोड़ी ही देर में आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पूछताछ के बाद जिला अस्पताल जाने वाली सड़क जाम कर दिया।
इसी बीच मंत्री रामगोविंद चौधरी का काफिला निकला तो लोगों ने उसे रोक दिया। पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट रामसिंह वर्मा और सीओ सिटी डीपी सिंह ने लोगों को समझाया। नर्सिंग होम संचालक डा. राजेश केजरीवाल ने बताया कि इलाज करने के बाद कचहरी चला गया और मासूम को लेकर तीमारदार घर चले गए।