नगरा (बलिया)। क्षेत्र के सरया गुलाब राय गांव में 23 मार्च को पूजा की मौत के मामले में फरार चल रहा प्रेमी फौजी गुलाब चौहान जमानत लेकर करीब चार माह बाद सोमवार को थाने पहुंचा और बयान दर्ज कराया। पुलिस को फोन काॅल डिटेल के अलावा अन्य साक्ष्य सौंपे। खुद व दोस्त लालू चौहान को निर्दोष बताया। इस मौत मामले की जांच एसआईटी टीम कर रही है। लखनऊ की फारेंसिक टीम घटना को रिक्रिएट करने के लिए आने वाली थी लेकिन अब तक नहीं पहुंची। परिजन जांच टीम का इंतजार कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक ने बताया कि सरया गांव में पूजा का शव घर के बाहर जामुन के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला था। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे हुए थे। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप पड़ोसियों पर लगाया था। पूजा के मोबाइल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। पूजा ने घटना से पूर्व अपने प्रेमी सेना के जवान गुलाब चौहान, प्रेमी के दोस्त रामदुलार व मंगेतर लालू चौहान से फोन पर बात की थी। पुलिस ने तीनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर मंगेतर लालू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। प्रेमी गुलाब चौहान को डयूटी पर होने के कारण नोटिस भेजा था। गुलाब अग्रिम जमानत लेकर अधिवक्ता के साथ थाने पहुंचा और बयान दर्ज कराया।