चितबड़ागांव। विकास खंड सोहांव के धर्मापुर गांव के यादव टोला निवासी ग्रामीणों ने वर्षों से अधूरी पड़ी नाली और खड़ंजा निर्माण के लिए सोमवार को बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर धान की रोपाई के साथ आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि धर्मापुर के यादव बस्ती टोला में आज तक नाली और खड़ंजा का निर्माण नहीं हुआ है। नतीजतन बारिश का पानी सड़क पर बहता है, जिससे कीचड़ और गंदगी से राहगीरों को भारी दिक्कत होती है। स्कूली बच्चों, वृद्धों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान की मिलीभगत से रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे रास्ता और संकरा हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस दुर्दशा से लगभग 40 से 50 परिवार प्रभावित हैं। बरसात में पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है। कई बार ग्राम प्रधान, सचिव और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। गोरख यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि रास्ते से कब्जा हटाकर तत्काल नाली और खड़ंजा का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में अभिषेक यादव, दिन दयाल यादव, कविन्द्र यादव, हरिकिशन, राजदेव, पिन्टू यादव समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। ग्राम प्रधान अशोक यादव ने बताया कि दो पुरवों के लोगों के बीच विवाद के कारण जल निकासी का कार्य बाधित था, जिसे सोमवार को सुलझा लिया गया है और जेसीबी के माध्यम से कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
मामला मेरे संज्ञान में है। मैंने एडीओ पंचायत को मौके पर भेजा था। जलनिकासी कार्य शुरू करा दिया गया था, लेकिन बरसात के कारण कार्य रुक गया। अब फिर सचिव से बात कर कार्य को तेज करने का निर्देश दूंगा। - देव राज पटेल, खंड विकास अधिकारी सोहांव।