सिकंदरपुर। प्रदेश सरकार की ओर से नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के लिए बुधवार को सिकंदरपुर विद्युत उपकेंद्र पर विशेष जनसुनवाई हुई। कार्यक्रम ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी के नेतृत्व में हुआ। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चली जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
बिल में गड़बड़ी, ट्रांसफाॅर्मर क्षमता कम होने के कारण लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल होने, नए कनेक्शन में देरी, मीटर रीडिंग में गड़बड़ी और बिना सूचना के बिजली काटने जैसी शिकायतें प्रमुख थीं।
उपखंड अधिकारी अजय सरोज ने बताया कि कुल 50 से अधिक शिकायतें मौके पर प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान बुधवार शाम तक करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिशासी अभियंता आरके सिंह, उपखंड अधिकारी अजय सरोज, जेई सद्दाम हुसैन आदि उपस्थित रहे।
कस्बा निवासी बृजेश कुमार ने जनसुनवाई के दौरान अपनी आपबीती सुनाई। कहा कि हम नियमित रूप से बिजली का बिल जमा करते हैं। फिर भी आज सुबह मेरी दुकान की बिजली काट दी गई।
जब जानकारी ली गई तो पता चला कि करीब 30 हजार रुपये बकाया था। मैंने तत्काल 15 हजार रुपये जमा भी कर दिए। इसके बावजूद कनेक्शन नहीं जोड़ा गया।
कस्बे में कई बड़े बकायेदारों की बिजली बिना रुकावट चल रही है। जब इस विषय में उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अजय कुमार सरोज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर हुई है।