दुबहर थाना क्षेत्र के बिसेनी डेरा के समीप शनिवार की देर रात कोहरे की वजह से इनोवा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें सवार एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने घायल विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
बैरिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी पंकज वर्मा के परिवार के लोग शनिवार की शाम जिला मुख्यालय स्थित अपने रिश्तेदारी में बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए आए थे। पार्टी समाप्त होने के बाद खाना खाकर पंकज वर्मा के परिवार के लोग वापस अपने घर इनोवा कार से जा रहे थे। अभी वे दुबहर थाना क्षेत्र के बिसेनीडेरा गांव स्थित मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि इसी बीच इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई।
जिससे इनोवा कार में सवार में बैरिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी पंकज वर्मा (26), राजकुमार वर्मा (45), लाल वर्मा (20), शिवकुमार वर्मा (22), खुशबू वर्मा (22) पत्नी पंकज वर्मा घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने खुशबू वर्मा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के भेज दिया। इसकी जानकारी परिवार को होते ही रात में बैरिया से लोग चल दिए। वहीं रिश्तेदार भी जिला अस्पताल में पहुंच गए।