यूपी बोर्ड के हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट का रिजल्ट रविवार दोपहर घोषित होते ही सफल छात्र-छात्राएं झूमने लगे। इस बार हाईस्कूल में उत्तीर्ण बच्चों में सबसे अधिक लड़के रहे तो इंटरमीडिएट में लड़कियों ने बाजी मारी है। हालांकि हाईस्कूल और इंटर दोनों में ही जिले में लड़कियों ने टाप किया है।
हाईस्कूल में महर्षि वाल्मीकि विद्यामंदिर की प्रिया मिश्रा ने 93.17 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान पाया। इंटर में जिले में प्रथम रहीं राम सजीवन झुर्री प्रसाद इंटर कालेज भदौरा तरछापार की छात्रा अर्चना सिंह को 93.8 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैैं।
उधर जैसे ही दोपहर परिणाम घोषित हुए, साइबर कैफे पर रिजल्ट जानने के लिए छात्र-छात्राओं, अभिभावकों की भीड़ लग गई। स्मार्ट फोन पर भी बच्चे परिणाम देख रहे थे। मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से भी परिणाम जान रहे थे। एकदूसरे का रिजल्ट सुनने के लिए संबंधी बात करते रहे।
परिणाम जानने के बाद बच्चों ने मंदिरों में मत्था टेका। साथ ही माता-पिता, बड़ों और गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। बच्चों की सफलता पर माता-पिता भी प्रफुल्लित दिखे। हाईस्कूल परीक्षा में कुल 78 हजार 915 परीक्षार्थियों में से 75 हजार 439 पास हुए। इसमें 43 हजार 221 छात्र तथा 32 हजार 218 छात्राएं उत्तीर्ण हैं।
इसी तरह इंटरमीडिएट की परीक्षा में 68 हजार 958 में से 65 हजार 109 बच्चे सफल हुए। इसमें 26 हजार 501 छात्र और 68 हजार 608 छात्राएं सफल रहीं।