बलिया, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र स्थित सनशाइन मैरिज हॉल में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 82 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें विकासखंड सीयर के 38 और नगरा के 44 जोड़े शामिल रहे। वैवाहिक रस्मों के बीच नवदंपतियों ने नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी कराया गया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र और आम के पौधे भी वितरित किए गए। समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी ने भगवान गणेश के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चार के साथ किया। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं।
पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। वर-वधू और उनके परिजनों में विवाह को लेकर खुशी दिखाई दी। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने मेहनत एवं जिम्मेदारी के साथ आयोजन को सफल बनाया है।
आत्मनिर्भर बनकर संवारें अपना भविष्य
जिलाधिकारी ने नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता सहित निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने नवदंपतियों से सकारात्मक सोच के साथ नए जीवन की शुरुआत करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करने की अपील की। कहा कि सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करें और समाज व प्रदेश के विकास में योगदान दें।