बलिया। शहर के कई इलाकों में जुगाड़ पर होर्डिंग खड़े कर दिए गए हैं जो हमेशा हादसे का कारण बन सकते हैं। शहर के प्रमुख चौराहा वह मार्गों पर व्यावसायिक व जनप्रतिनिधियों की होर्डिंग जुगाड़-एंगल, सरिया और बांस के सहारे खड़े हैं।
कुंवर सिंह चौराहा, कदम चौराहा, स्टेशन रोड, टीडी कॉलेज चौराहा, माल्देपुर, बहादुरपुर, चित्तू पांडे चौराहा, एसीसी तिराहा, मिड्ढी चौराहा आदि स्थलों पर हवा का प्रेशर ज्यादा रहता है। इसके अलावा विद्युत पोल पर कई जगह तारों के पास होर्डिंग लगाए गए हैं। बाजार में विशुनपुर, जगदीशपुर, मालगोदाम, एलआईसी तिराहा, हनुमानगढ़ी के पास खतरनाक तरीके से होर्डिंग लगे हुए हैं।
सड़क से सटे होने के कारण हादसों का भय हमेशा बना रहता है। कमजोर पोल, जंग लगे लोहे के ढांचे और बिना पर्याप्त सहारे के लगाए गए बोर्ड तेज हवा में गिरकर राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। एनएच मार्गों पर भी होर्डिंग की भरमार है।
हर बाजार व चौराहों पर होर्डिंग लगे हुए है, जिससे मार्ग संकेतक भी गायब हो गया है। इससे बाहर के वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
टीडी कॉलेज व कुंवर सिंह चौराहों पर लटके पड़े होर्डिंग: शहर के टीडी कॉलेज व कुंवर सिंह चौराहों पर होर्डिंग लगाने की होड़ सी लग गई है। बांस के सहारे खड़े होर्डिंग खतरनाक स्थिति में है। सड़क से किनारे लगने से कई बार हल्के हवा से लटक जाते है, जिससे वाहन चालकों के लिए समस्या बनी रहती है। इन चौराहों से सबसे ज्यादा अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं।
नगर के चित्तू पांडेय चौराहा स्थित ओवरब्रीज से लटका होर्डिंग दे रहा हादसे को दावत। संवाद