बलिया। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जन-आधार ‘‘एक नंबर, एक कार्ड, एक पहचान’’ योजना डाक विभाग के कर्मचारियों के लिए कामधेनु गाय बन गई है। सोशल मीडिया पर सोमवार को बलिया के प्रधान डाक घर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें बलिया के प्रधान डाक घर के कर्मचारी सरेआम नया आधार कार्ड बनाने व संशोधन के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं ।
शहर के बेदुआ मोहल्ले के नागरिकों ने समाजसेवी रवि सोनी की अगुवाई में जिलाधिकारी से प्रधान डाक घर में आधार कार्ड बनाने व संशोधन के नाम पर हो रही वसूली की शिकायत की है। उन्होंने जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को वीडियो उपलब्ध कराया है। इसमें मुख्य डाक घर के दो कर्मचारी नया आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने आये लोगों से सरेआम पैसा लेते नजर आ रहे हैं। विभागीय दिशा निर्देश के अनुसार नया आधार कार्ड बनवाना नि:शुल्क है, जबकि संशोधन के लिये 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य डाकघर के कर्मचारी संशोधन के लिये दो से पांच सौ रुपये तक की वसूली कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने मामले की जांच करने का निर्देश सिटी मजिस्ट्रेट को दिया है। शिकायत करने वालों में शमशेर अली, रामसागर, राकेश सिंह, राजा अली, अशोक, रवि सोनी, सपना वर्मा, विश्वनाथ, हसीना, गोविंद प्रसाद आदि शामिल हैं।