बगैर हेलमेट के एक बाइक पर फर्राटा भ्ारते तीन सवार।
- फोटो : अमर उजाला
बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग चलने वालों की अब खैर नहीं है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सोमवार से पूरे जनपद में अभियान चलाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों की ओर से इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं उसमें होने वाली मृत्युु व घायलों पर अकुंश लगाने के उद्देश्य से यातायात विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक एमके बशाल ने 12 से 19 फरवरी तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। यह अभियान सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक तथा शाम को पांच से रात आठ बजे तक लगातार चलेगा।
अभियान के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बात करना, तीन सवारी के साथ दो पहिया वाहन चलाना और निर्धारित से अधिक गति से वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अव्यस्क व्यक्ति द्वारा वाहन चलाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना, दो पहिया वाहन चालक तथा पीछे बैठी सवारी द्वारा हेलमेट न पहनना, चार पहिया वाहन के चालक तथा आगे की सीट पर बैठी सवारी द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग न किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
जबकि कार्रवाई की जद में हूटर, सायरन व प्रेशर हार्न का प्रयोग, वाहन के शीशों पर काली फिल्म और मादक द्रव्यों का सेवन कर वाहन चलाने वाले भी आएंगे।
सीओ सिटी हितेंदु कृष्ण ने बताया कि सोमवार से सप्ताहव्यापी विशेष अभियान चलेगा। यातायात नियम का पालन न करने वालों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वह रोजाना अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन कराने के लिए कार्रवाई करें साथ ही उन्हें जागरूक भी करें। ऐसे में नागरिकों का सहयोग भ्ाी मिला तो अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकेंगे।