उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर ग्राम में बुधवार को दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे दो लाख नगद समेत करबी 12 लोगों की मड़ई और पक्का घर जल गए। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार से आग बुझाई।
महुआतर ग्राम में बनारसी के घर लकड़ी के चूल्हे पर खाना बन रहा था। इस बीच चूल्हे से निकली चिंगारी ने मड़ई पर जा गिरी, जिससे आग लग गई। आसपास के पक्के घर, मड़ई आदि धू-धू कर जलने लगे। इस दौरान बलजीत के घर में रखा दो लाख नगद समेत पुत्री की शादी के लिए रखा सारा गृहस्थी का सामान, कपड़ा, अनाज आदि जल कर राख हो गया।
इसके साथ ही सत्येंद्र, रमेश, सुरेश, शिवगोविंद, रामसरन, राजेश, रामजन्म, मुखराम, रामकरन आदि की रिहायशी मड़ई जल गई तथा उसमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से फायर ब्रिगेड दस्ते ने पानी उड़ेल आग पर काबू पाया। तब तक नगदी समेत लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति जल चुकी थी।