डीएम रविंद्र कुमार रविवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बने जिले के विभिन्न बूथ केंद्रों का निरीक्षण किया। बूथ की संख्या, बीएलओ की संख्या, मतदाता सूची आदि की जानकारी ली। इस दौरान बीएलओ की जगह पर पति और बेटी ड्यूटी करते हुए मिले। जिसपर कार्रवाई की गई।
उच्च प्राथमिक विद्यालय भृगु आश्रम पर सात बूथ और सात बीएलओ तैनात है। बीएलओ (आंगनवाड़ी) के स्थान पर उनकी लड़की के ड्यूटी पाए जाने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। ग्राम पंचायत जलालपुर के आंगनबाड़ी केंद्र और बहुउद्देशीय पंचायत भवन पहुंचकर वहां के बीएलओ को निर्देश दिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय फेफना में दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के स्थान पर उनके पति ड्यूटी कर रहे थे। बीएलओ की लापरवाही पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए एईआरओ को तीन बीएलओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यहां कुल चार बीएलओ तैनात थे। अधिकतर बूथ केंद्रों के बीएलओ को लिंगानुपात के बारे में जानकारी नहीं थी। उप जिलाधिकारी आत्रेय मिश्र को निर्देश दिया कि इनकी ट्रेनिंग शीघ्र करवाकर निर्वाचन संबंधित सभी जानकारियों से अवगत कराएं।
रेवती के जूनियर हाईस्कूल, रेवती इंटर काॅलेज, कन्या कंपोजिट विद्यालय में 9 बूथों पर वोटरों का नाम बढ़ाने का कार्य हुआ। सुपरवाइजर संजय कुमार बताया कि सभी बूथों पर शैलेंद्र श्रीवास्तव, वंदना सिंह, प्रियंका सिंह, सुनीता सिंह बीएलओ मौजूद रहीं। सिकंदरपुर उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान व तहसीलदार संत विजय सिंह ने अलग-अलग विद्यालयों पर जाकर निरीक्षण किया।