हल्दी। विकास खंड बेलहरी के गांव कठही में हुए आवास की सूची में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कठही निवासी राम कुमार उपाध्याय की अगुवाई में ग्रामीण वृहस्पतिवार को सोनवानी स्थित ब्लाक मुख्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे एडीओ आईएसबी धीरेश गुप्ता ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और जूस पीलाकर अनशन को समाप्त कराया।
बता दें कि विकास खंड बेलहरी के कठही ग्रामसभा में 77 लोगों के आवास की सूची बनाई गई थी। मुख्य विकास अधिकारी के आदेश के बाद शासन द्वारा नामित पर्यवेक्षक द्वारा सूची में नामित लोगों का स्थलीय निरीक्षण कर सही सूची बनानी थी। पर्यवेक्षक ने 20 लोगों को अपात्र घोषित कर दिया। इस तरह 57 पात्र लोगों की सूची विभाग को भेजी गई लेकिन विभाग की लापरवाही से 57 पात्र लोगों में भी 30 लोगों की पांच-पांच एकड़ (लगभग 7.5 बीघा) जोत जमीन दिखाई गई। इस वजह से उनका नाम सूची से कट गया और मात्र 27 लोगों की सूची जारी कर दी गई। कठहीं गांव के भगेलू राजभर, संजय राम, शोभनाथ राम, जयकुमार यादव, अखिलेश यादव, टुनटुन यादव, मनोज यादव का कहना है कि हमारे पास रहने के लिए झोपड़ी के अलावा एक धूर जमीन नहीं है, जबकि विभाग ने पांच एकड़ जोत जमीन दिखाकर हमारा नाम लिस्ट से काट दिया है। विभाग द्वारा सूची से हटाए गए 30 लोगों में से करीब 26 गरीब ऐसे है, जिनके पास रहने के लिए झोपड़ी तक नहीं है। ग्रामीणों द्वारा इसकी लिखित शिकायत मुख्य विकास अधिकारी को 28 दिसंबर, जनसुनवाई में जिलाधिकारी को 29 दिसंबर तथा 06 जनवरी को ब्लाक मुख्यालय पर आए राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल से की गई थी। भूख हड़ताल पर बैठे राम कुमार उपाध्याय का कहना है कि पत्रक देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।