फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलिया: छात्रसंघ चुनाव स्थगित होने पर भारी हंगामा, पूर्व महामंत्री ने की आत्मदाह की कोशिश, जगह-जगह चक्काजाम

Mon, 20 Dec 2021 03:35 PM IST
उत्पल कांत अमर उजाला नेटवर्क, बलिया

सार

नामांकन से ठीक पहले जिला प्रशासन की ओर से नियमों का हवाला देकर छात्रसंघ चुनाव को स्थगित कर दिया गया। इससे छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बलिया जिले भर में छात्रों ने प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
प्रदर्शन करते छात्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के बलिया जिले के छह महाविद्यालयों में सोमवार को नामांकन से ठीक पहले जिला प्रशासन की ओर से नियमों का हवाला देकर छात्रसंघ चुनाव को स्थगित कर दिया गया। इससे नामांकन के लिए निकल चुके छात्रों  का आक्रोश फूट पड़ा। शहर से लेकर गांव तक चक्का जाम कर दिया गया।

विज्ञापन


कुंवर सिंह चौराहे पर पूर्व महामंत्री ने आत्मदाह की कोशिश की। उसने पेट्रोल पी लिया। हालात बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। नाराज छात्रों ने डीएम कार्यालय का घेराव भी किया। छात्रों को संभालने में पुलिस के पसीने छूटते रहे।

छात्रसंघ चुनाव  के लिए छात्रों ने किया था आंदोलन
छात्रों की ओर से छात्रसंघ चुनाव को लेकर किए जा रहे लगातार आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से 24 दिसंबर को चुनाव कराने की घोषणा की गई थी। इसके मद्देनजर छह महाविद्यालयों के प्रबंधन ने 20 दिसंबर को नामांकन कराने का फैसला लिया था। बाबा महाविद्यालय में मेला और कुंवर सिंह महाविद्यालय में लिंगदोह कमेटी के नियमों का हवाला देकर चुनाव का टाल दिया गया था।

विज्ञापन

शहर से लेकर गांव तक आक्रोश

छह महाविद्यालयों में नामांकन के लिए सोमवार को छात्र लाव-लश्कर और जुलूस के साथ निकले थे। इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार की ओर से नियमों का हवाला देकर अग्रिम आदेश तक चुनाव टालने की घोषणा कर दी गई। इससे छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। दुबेछपरा में छात्रों ने चक्का जाम कर दिया। इधर, इस सूचना के बाद आक्रोशित छात्रों ने शहर के टीडी चौराहे पर जाम कर प्रदर्शन किया।

पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह उर्फ झुन्नू  के नेतृत्व में छात्रों ने डीएम कार्यालय का घेराव किया। एससी कॉलेज पर भी छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया। छात्रसंघ चुनाव रद्द होने के बाद एससी कॉलेज के पूर्व महामंत्री निखिल पांडेय ने आत्मदाह की कोशिश की।

हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार ने कहा कि लिंगदोह कमेटी के नियमों को लेकर कालेज प्रबंधन में मतभेद था। इस कारण चुनाव स्थगित किया गया है। जल्द ही नई तिथि घोषित की जाएगी।

एक घंटे बाद भी नहीं पहुंची एम्बुलेंस, पुलिस की गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

अस्पताल में भर्ती छात्र - फोटो : अमर उजाला
जैसे ही छात्रसंघ चुनाव रद्द की सूचना सतीश चंद्र कॉलेज के पूर्व महामंत्री व शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दीयर गंगा पार निवासी निखिल पांडेय ने सतीश चंद्र कालेज चौराहे पर अपने शरीर पर पेट्रोल उड़ेल लिया और उसे पी लिया। इसके बाद जैसे ही माचिस जलाना चाहा वैसे ही उसके दोस्तों ने उसे पकड़ लिया।

इसकी जानकारी होते ही एडीएम राजेश कुमार, एएसपी विजय त्रिपाठी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। उधर, कुछ ही देर बाद छात्रनेता की हालात बिगड़ने लगी। जिसे ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस को फोन किया गया, लेकिन वह जाम का हवाला देते हुए एक घंटे बाद तक नहीं पहुंची। जिसके बाद छात्रनेताओं ने पुलिस की गाड़ी में जबरिया छात्रनेता को लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां छात्रनेता की हालत नाजुक बनी हुई है।

बांस-बल्ली से प्रत्येक मार्गों किया गया था जाम, जाम में घंटों फंसे रहे बच्चे

छात्रसंघ चुनाव रद्द होने के बाद छात्रनेताओं द्वारा जगह-जगह सड़क जाम किए जाने से कोई भी ऐसा रोड नहीं था जो जाम के झाम से कराहता नजर नहीं आया। जाम के दौरान  एम्बुलेंस या गंभीर मरीज वाले वाहनों को जाने दिया। जबकि अन्य किसी भी वाहनों जाने नहीं दिया।

इस दौरान छात्रों और छात्रनेताओं ने टीडी कॉलेज चौराहा स्थित प्रत्येक मार्गो को बांस-बल्ली, टेबल आदि लगाकर घंटों जाम कर दिया। जिसके बाद कुंवर सिंह चौराहा, महुआ मोड़, कचहरी मार्ग, ओवर ब्रिज, गड़वार रोड, गांधीनगर मार्ग, एनएच-31 मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 
विज्ञापन

टीडी चौराहे पर लगे होर्डिंग फाड़ा, गेट तोड़ा, डीएम का गेट किया बंद

छात्रसंघ चुनाव रद्द होने के बाद टीडी कॉलेज पर सड़क जाम के दौरान छात्रों ने राज्यमंत्री से लेकर ब्लॉक प्रमुख तक के होर्डिंग और बैनर को फाड़ दिया । स्वागत के लिए बने गेट को तोड़ दिया। इसके अलावा डीएम कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया। जिससे न कोई अंदर जा रहा था और ना कोई बाहर आ रहा था। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।


सुरक्षा के मद्देनजर टीडी कॉलेज चौराहा, गड़वार तिराहा, सतीश चंद्र कालेज चौराहा पर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा के साथ ही खुफिया विभाग पूरी तरफ चौकस रहा। इस दौरान छात्र नारेबाजी करते रहे और होर्डिंग फाड़ते रहे, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस महकमा मूकदर्शक बना रहा।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें