बैरिया थानाक्षेत्र के दूबेछपरा ढाले पर बुधवार को क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने मुआवजे और रास्ते की मांग को लेकर एनएच-31 को दो घंटे तक जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सूचना पर पहुंचे एसओ बैरिया ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हुए। इसके बाद एसओ की सूचना पर बैरिया एसडीएम सुशील प्रताप सिंह पहुंचे और उन्होंने मुआवजा देने एवं मार्ग शीघ्र बनवाने का आश्वासन दिया। तब किसान शांत हुए।
दूबे छपरा और गोपालपुर के सैकड़ों किसानों ने बताया कि दूबे छपरा रिंग बंधे पर बनी पिच सड़क पर बाढ़ विभाग के अधिकारियों ने मिट्टी रखवा दी है। इसके कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल मिट्टी हटवाने का आदेश संबंधित विभाग को दिया। इसके बाद आनन-फानन में मिट्टी हटाई जाने लगी। किसानों ने बर्बाद फसल और जमीन के मुआवजे की मांग की। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सर्किल रेट के अनुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
साथ ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने का भी निर्देश दिया। इसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ। इस मौके बाढ़ खंड विभाग के एसडीओ कुमार गौरव, सहायक अभियंता मुन्ना यादव, एसओ बैरिया संजय सिंह, बीरेंद्र तिवारी, जितन तिवारी, अखिलेश दूबे, गुप्तेश्वर दूबे, गुड्डू तिवारी, रामाधार राम समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।