बांसडीह कोतवाली के देवढ़ी निवासी पशु कारोबारी की हत्या और लूट मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पांच में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा और साढ़े 45 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। एसपी राजू बाबू सिंह ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए दावा किया कि जल्द दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की।
राजपुर-सहतवार संपर्क मार्ग पर छोटकी सेरिया गांव के पास 23 अप्रैल को राजदेव सिंह को सशस्त्र बदमाशों ने गोली मार हत्या करने के बाद 1.65 लाख रुपये लूट लिए थे। एसपी ने बताया कि मंगलवार की शाम पांच बजे सूचना मिली की हत्या और लूट में शामिल अपराधी सहतवार मार्ग पर नारायणपुर स्थित मंदिर के पास खड़े हैं। वहां पहुंची पुलिस ने बांसडीह कोतवाली के मझुई निवासी अरविंद वर्मा, छितौनी निवासी संतोष कुमार यादव, मनियर थानाक्षेत्र के रीगवन मठिया निवासी अमित सिट्टू गिरि को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि दो आरोपी बांसडीहरोड थानाक्षेत्र के गजियापुर निवासी लालजी यादव और भीमपुरा थाना क्षेत्र के सियरहीं निवासी सत्येंद्र यादव फरार हो गए। एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और 45,500 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों ने सत्येंद्र यादव द्वारा छह अप्रैल को बांसडीहरोड के घोरौली मार्ग पर बेदुवां निवासी राजेश सराफ से लूट की बात स्वीकार की है।
सत्येंद्र यादव पर मऊ कोतवाली में चोरी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। जबकि लालजी के विरुद्ध नगरा थाने में हत्या सहित कई मामलों में केस दर्ज है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। एसपी ने बताया कि पकड़े गए गिरोह के सदस्यों ने ही छह अप्रैल को शहर कोतवाली क्षेत्र के बेदूआं निवासी राजेश सोनी से बाइक, सहित नकदी और मोबाइल फोन लूटे थे।