बलिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा मंगलवार को समाप्त हो गई। इसी के साथ बीते ग्यारह दिनों से चल रही परीक्षा की गहमागहमी पर भी विराम लग गया। सुबह की पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान और इंटरमीडिएट व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा सकुशल संपन्न होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली।
हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र का सरल और सहज होना परीक्षार्थियों के लिए राहत की बात थी। परीक्षा कक्ष से बाहर निकले छात्र छात्राओं ने एक स्वर से अंत भला तो सब भला कहा। पेपर अच्छा होने की खुशी परीक्षार्थियों के चेहरे पर साफ नजर आ रही थी।
परीक्षा केंद्र से बाहर निकली श्वेता यादव ने बताया कि प्रश्न पत्र में ऐसा कुछ भी नहीं था, जो तैयार न हो। मानचित्र को लेकर पहले थोड़ा संशय था लेकिन पेपर मिलने के बाद वह भी दूर हो गया। वहीं, अंजलि सिंह का कहना था कि बहुविकल्पीय से लेकर विस्तृत उत्तरीय प्रश्न तक सभी पढ़ा हुआ आया था। पेपर काफी अच्छा हुआ है, नंबर भी ठीक आने की उम्मीद है। अंकिता प्रसाद ने बहुविकल्पीय प्रश्नों को आसान बताया। कहा कि इसके अलावा अति लघु उत्तरीय और लघु उत्तरीय प्रश्न काफी सरल थे। साक्षी तिवारी पेपर से काफी संतुष्ट नजर आईं। बताया कि बहुत अच्छा पेपर गया। सभी प्रश्नों का सटीक और बेहतर उत्तर लिखा है। परीक्षा में पंजीकृत 59497 में से 53232 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। जबकि 6265 परीक्षार्थी अनुपस्थिति रहे।
प्रथम पाली में इंटरमीडिएट व्यावसायिक वर्ग की परीक्षा में भी 25 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जबकि पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 445 थी। उम्मीद के मुताबिक आए पेपर से परीक्षार्थी काफी संतुष्ट दिखे। परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकतर परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र को लेकर कोई शिकायत नहीं थी। बताया कि पेपर काफी अच्छा गया है।
000
132 विद्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की चल रही वार्षिक परीक्षा में मंगलवार को दूसरी पाली में पूर्व मध्यमा द्वितीय के चित्रकला विषय की परीक्षा में पंजीकृत एक मात्र विद्यार्थी ने भी परीक्षा छोड़ दी। उत्तर मध्यमा के परीक्षार्थियों की रसायन विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 241 छात्र छात्राओं में से 141 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 100 अनुपस्थित रहे। उत्तर मध्यमा द्वितीय रसायन विषय में 133 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 101 परीक्षा में सम्मिलित हुए। सुबह की पाली में किसी विषय की परीक्षा नहीं थी।