बलिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के एससी कॉलेज चौराहे पर 11 अप्रैल 2023 को परीक्षा देकर लौट रहे समाजवादी छात्र नेता हेमंत यादव की हत्या के मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम पुनीत गुप्ता की अदालत में मंगलवार को हुई।
अदालत में वादी पक्ष की ओर से मृतक हेमंत यादव के छोटे भाई बलवंत यादव का बयान दर्ज किया गया। जिरह के दौरान उन्होंने अभियोजन के पक्ष में अपना बयान दिया। वहीं, घटना के बाद घायल हेमंत को जिला अस्पताल पहुंचाने वाले युवक से भी अदालत में जिरह की गई। उसने अभियोजन के कथन का समर्थन नहीं किया, जिस पर दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने विस्तृत बहस की।
सदर कोतवाली के एससी कॉलेज पर 11 अप्रैल 2023 को परीक्षा देकर बाहर निकल रहे हेमंत यादव पर चुनावी रंजिश और पुरानी दुश्मनी को लेकर लाठी-डंडों और क्रिकेट बैट से हमला किया गया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। हमले में उनके साथी आलोक यादव भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले में परिजनों की तहरीर पर नौ नामजद समेत 16 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। इस हत्याकांड में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी लगे। सुनवाई के दौरान न्यायालय परिसर में दोनों पक्षों के समर्थकों की भारी भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पीएसी और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 जुलाई की तिथि नियत की है।