बैरिया कंटेंनमेंट जोन के बेरियर पर पैदल जा रहे प्रवासी यात्रियों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : BALLIA
जयप्रकाश नगर। विकास खण्ड मुरली छपरा क्षेत्र के चांददीयर पंचायत के ठेकहा गांव निवासी अहमदाबाद से आए युवक को स्वास्थ्य टीम ने क्वारंटीन के लिए बेल्थरा रोड भेज दिया था। लेकिन वहां से तीन दिन बाद उसे होम क्वारंटीन के लिए उसके गांव भेज दिया गया। जिस दौरान वह युवक अपने परिवार सहित पड़ोसी परिवारों से भी मिला जुला। जब उसके साथी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो स्वास्थ्य टीम ने उक्त युवक को भी बलिया ले गए जहां उसका सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया और यह युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। इसको लेकर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है।
ठेकहां गांव में रविवार को जिले की सर्विलांस टीम आकर जब सर्वे किया तो पूरे गांव में करीब 150 लोगो को संदिग्ध होने की आशंका जताई और नोडल अधिकारी को अवगत कराया। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पीएचसी मुरली छपरा डा. देवनीति सिंह के नेतृत्व में रविवार को सर्वे के लिए ठेकहां गांव में स्वास्थ्य टीम पहुंची। गांव निवासी युवक के घर पहुंच जब गहनता से जांच की तो पाया कि कोरोना पॉजिटिव मरीज जब होम क्वारंटीन के लिए घर आया था तब वह युवक अपने घर के कुल 24 लोगों सहित अपने पड़ोसी परिवार के घरों में भी गया था। जिसके दौरान उस युवक के संपर्क में आने वालों की संख्या करीब 150 होने का अनुमान लगाया गया और इन सभी लोगों को संक्रमित होने का अंदेशा जताया। जिले से सैम्पलिंग टीम को बुलाकर कुल 25 लोगो की सैम्पलिंग कराई गई। डा. सिंह ने बताया कि इसमें से अधिकाधिक लोगों के सैम्पल लिए जाएंगे। बताया कि उन सभी मकानों को पूरी तरह तार बल्ली लगाकर चारों तरफ से सील किया जाएगा ताकि गांव मे संक्रमितों की संख्या में बढोत्तरी न हो सके। टीम में जिला सर्विलांस अधिकारी डा.ए के मिश्रा ,स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ब्रजेश पाण्डेय, अखिलेश कुमार, सदानन्द तिवारी, ग्राम प्रधान वीरेन्द्र यादव, चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ राय आदि रहे। उधर, ठेकहां को सील करते हुए हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। रविवार को इसकी जांच को बीडीओ डीके सिंह पहुंचे।
--
बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा
बैरिया। हॉटस्पॉट बैरिया एवं मिर्जापुर गांव के तीन किमी की दूरी को कंटेंमेंट जोन घोषित कर दिए जाने के बाद से रानीगंज बाजार, बीबीटोला व बैरिया के बाजारों में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। मुख्य-मुख्य जगहों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है तथा112 नम्बर जीप व बाइक तथा पुलिस की गाड़ियां पूरे क्षेत्र में चक्रमण कर रही हैं। रविवार को सुबह से ही प्रशासन द्वारा होम डिलीवरी के जरिए सामानों की आपूर्ति भी हवाहवाई साबित हुई। लोग जरुरी सामानों, सब्जी, दूध व दवाईयों के लिए परेशान दिखे। हॉटस्पॉट इलाके के तीन किमी के अंदर आने के कारण रानीगंज बाजार को भी सील किया गया है। रानीगंज बाजार के किराना दुकानों से देहात क्षेत्र के गांवों के लोग परेशान रहे।
--
होम डिलीवरी नहीं होने से लोग रहे नाराज
दया छपरा। हॉटस्पॉट घोषित जगदेवां (पांडेयपुर) ग्राम सभा में सेक्टर मजिस्ट्रेट लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियदंता श्याम सुंदर यादव के नेतृत्व में हर रास्ते को सील कर आवागमन बाधित कर दिया गया है। ग्रामवासियों में होम डिलीवरी की व्यवस्था नहीं होने के नाराजगी रही।