स्थानीय बाजार में संचालित एक निजी अस्पताल में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर सील कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई की खबर लगते ही बाजार में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक, नर्सिंगहोम व दवा दुकानदारों में खलबली मच गई। सभी शटर गिरा कर भूमिगत हो गए। टीम के जाने के बाद शटर खोल फिर से कारोबार में जुट गए। यह स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा है।
भीमपुरा बाजार के बेलौली मार्ग स्थित तीन मंजिला भवन में एक निजी अस्पताल संचालित होता है। शिकायतकर्ता द्वारा निजी अस्पताल की शिकायत को सीएमओ डाॅ. विजयपति द्विवेदी द्वारा संज्ञान में लेने के बाद टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम अचानक निजी अस्पताल पर छापेमारी कर दिया, इससे कर्मचारियों में खलबली मच गई। टीम बहुत देर तक अंदर जांच पड़ताल करने के बाद अस्पताल का रजिस्ट्रेशन कागज व मानक के विपरित मिलने पर तीन कमरों को सील कर दिया। टीम में डॉ. अभिषेक मिश्रा, बृजेश कुमार, सहित अन्य शामिल रहे। नोडल डाॅ. योगेंद्र दास ने कहा कि शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। आगे भी अवैध नर्सिंग होम व क्लीनिक के खिलाफ कार्रवाई चलती रहेगी।