बैरिया थाना क्षेत्र के दयाछपरा गांव स्थित हरषु ब्रह्म बाबा स्थान से उत्तर दिशा में स्थित एक खेत में शनिवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त चकिया डेरा निवासी रीना देवी पत्नी रवि यादव के रूप में की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बैरिया थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि दयाछपरा गांव में एक खेत में एक महिला का शव पड़ा है। इंस्पेक्टर राजीव यादव, एसआई दिलीप राय के साथ मौके पर पहुंचे और शव को किट बैग में लेकर थाना जा रहे थे तभी चकिया निवासी एक 12 वर्षीय बच्ची ने मृतका की शिनाख्त अपनी मां के रूप में की। बच्ची की पहचान चकिया डेरा निवासी रवि यादव के पुत्री और मृतका की पहचान उसकी पत्नी रीना देवी रूप में हुईं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका रीना देवी की पांच पुत्री व एक पुत्र हैं। परिजनों कि मानें तो रवि यादव दिन से ही गायब था तथा उसकी पत्नी मृतक रीना देवी शुक्रवार की रात्रि आठ बजे से रवि कि खोज में निकली थी। क्षेत्राधिकारी उस्मान भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मृतका के पास एक इमरजेंसी टॉर्च व कुछ दूरी पर हवाई चप्पल पड़ा मिला तथा मृतका के गले पर चोट के निशान थे।