बलिया। दीपावली और छठ पर्व पर आतिशबाजी, आगजनी और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। त्योहारों के दौरान मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) तक 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं संचालित रहेंगी। वहीं, जिले के 12 हॉटस्पॉट पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इनमें प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की सुविधाओं के साथ स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहेंगे। त्योहारों के दौरान पटाखों से हाथ, चेहरे और आंखों में चोट लगने के साथ झुलसने की घटनाएं होती हैं। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं, आगजनी और पटाखों के धुएं से सांस संबंधी परेशानियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ जाती है। इन संभावित खतरों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य इकाइयों को अलर्ट रहने और आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के 19 सीएचसी पर भी मिलेगी 24 घंटे सेवा: ग्रामीण क्षेत्रों में नगरा, रसड़ा, बांसडीह, बैरिया, सोनवानी, रेवती, सिकंदरपुर, बेल्थरारोड और नरहीं समेत जिले के 19 सीएचसी पर भी 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। गांवों में पटाखों से झुलसने या दुर्घटना होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार मिलेगा। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा की मदद ली जाएगी। सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय ने बताया कि त्योहारों के दौरान चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समय से उपचार मिल सके। सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।