प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर जिला अस्पताल में महिलाओं को जागरूक करते अपर मुख्य
- फोटो : BALLIA
बलिया। हर माह की नौ तारीख को मनाए जाने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस को बुधवार को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मनाया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/ परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत गर्भवती को पंजीकृत कर आवश्यक जांच ब्लड प्रेशर, वजन, रक्त एवं पेशाब की जांच, मधुमेह, एचआईवी एवं सिफलिस की जांच की गयी। साथ ही परिवार नियोजन सेवाओं के लिए हर स्वास्थ्य केंद्रों पर काउंटर बनाकर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉ. वीरेंद्र ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के कार्यक्रम में गर्भवती के साथ आने वाली अन्य महिला तीमारदार जो 15 से 49 वर्ष में हैं उन्हें परिवार नियोजन की जानकारी दी गई। उनके द्वारा परिवार नियोजन का कोई उपाय इस्तेमाल न करने की स्थिति में परिवार नियोजन के बास्केट और च्वॉइस संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। ऐसी महिलाओं को आने वाले 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस के लिए फ्री रजिस्टर्ड किया गया, ताकि उक्त दिवस को उन्हें परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराए जा सकें।
परिवार नियोजन काउंसिलिंग के लिए सामग्री, प्रशिक्षित सेवा प्रदाता की उपलब्धता तथा परिवार नियोजन की समस्त लॉजिस्टिक की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही हाई रिस्क प्रेगनेंसी यानि उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं को चिन्हित किया गया। इस टीम में एसीएमओ डॉ. हरिनंदन प्रसाद, एसीएमओ डॉ. सुधीर कुमार तिवारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके मिश्रा, डीपीएम डॉ. आरबी यादव व डॉ. रंजय कुमार आदि शामिल थे।