थाना क्षेत्र के शंकरपुर चट्टी पर बुधवार की रात चोरों ने दो दूकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। गुरुवार की सुबह शौच के लिए जा रहे आसपास के लोगों ने दूकान संचालकों को मोबाइल से सूचना दी। सराफा कारोबारियों ने थाने में चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया और छानबीन में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रमेश चंद्र सोनी और अजय सोनी की आभूषण की दूकान अलग-अलग कटरे में शंकरपुर चट्टी पर है। दूकान स्वामी प्रतिदिन की भांति बुधवार शाम दूकान बंद कर घर चले गए। मौसम और ठंड का फायदा उठाते हुए चोरों ने अजय सोनी की दूकान में नकब लगाकर और रमेश चंद्र सोनी की दूकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये के सोने और चांदी के जेवरात सहित दूकान में रखे दो हजार रुपये उठा ले गए।
दूकानदारों की माने तो तीन माह में चट्टी पर आधा दर्जन से अधिक चोरियां हो चुकी हैं। इससे दूकानदार भयभीत हैं। दूकानदारों ने चोरी के खुलासे की मांग की है। थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। शीघ्र ही चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।