बेल्थरारोड। रेलवे ने गोरखपुर और वाराणसी के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन के लिए हरी झंडी दे दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारीकर तीन जनवरी से इंटरसिटी का संचालन शुरू किए जाने की जानकारी दी है। ट्रेन का संचालन शुरू किए जाने की घोषणा से क्षेत्रीय नागरिकों में खुशी है।
कोरोना काल के दौरान पूरे देश में ट्रेन का संचालन ठप होने के साथ ही इंटरसिटी का परिचालन भी बंद कर दिया गया था। कोरोना का संक्रमण कम होने के बाद महत्वपूर्ण रूटों पर चुनिंदा ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ, लेकिन इंटरसिटी का संचालन शुरू नहीं किया गया। उसके बाद क्षेत्रीय जनता द्वारा इंटरसिटी ट्रेन चलाने की लगातार मांग की जाने लगी। जनता की मांग पर रेलवे ने तीन जनवरी से ट्रेन चलाने की अनुमति दे दी है, जिसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि इंटरसिटी चलने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। वहीं, रेल राजस्व में इजाफा होगा।