बलिया। स्कूल न जाने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों पर नकेल कसने की शासन ने पूरी तैयारी कर ली है। शिक्षकों को अपनी तैनाती वाले स्कूलों पर पहुंचकर सेल्फी खींचकर एप पर डाउनलोड करनी होगी, तभी उनकी उपस्थिति मानी जाएगी। पांच सितंबर से पूरे प्रदेश में यह व्यवस्था लागू होने जा रही है। अनुदेशक व शिक्षामित्रों के लिए भी यह व्यवस्था की गई है।
मानव संपदा पोर्टल शिक्षकों का ब्योरा पहले से ही फीड है। इसको प्रेरणा एप से जोड़ दिया जाएगा। ये व्यवस्था अब तक फिलहाल लखनऊ, प्रतापगढ़ और बाराबंकी में शुरू हुई है। लेकिन पांच सितंबर से प्रदेश के सभी जिले में लागू होने जा रहा है। जिसमें बलिया भी शामिल है। बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात तमाम शिक्षक स्कूल नहीं जा रहे हैं। कुछ बीईओ से सेटिंग करके स्कूल नहीं जाते हैं तो राजनीतिक पहुंच की ढौंस जमाकर स्कूल नहीं जाते। शिक्षक संघ पदाधिकारी भी इसमें शामिल है। जब कहीं जांच होती है तो समय से स्कूल पहुंच जाते हैं, अन्यथा बाकी दिनों अपनी मनमानी करते हैं।
शिक्षकों के नियमित स्कूल न जाने से विभाग की किरकिरी हो रही है। इसको लेकर विभाग ने अब तकनीकी माध्यम से शिक्षकों पर नकेल कसने की तैयारी कर ली है। विभाग ने एक प्रेरणा एप तैयार किया है जिसको सितंबर माह से प्रदेश के समूचे जनपद में लागू हो जाना है। इसी क्रम में सेल्फी से अटेंडेंस लगाने का कार्यक्रम पांच सितंबर से शुरू हो जाएगा। सभी शिक्षकों को अब रोज स्कूल पहुंचकर सुबह सेल्फी खींच कर इस एप पर डाउनलोड करनी होगी। अक्षांस और देशांतर के माध्यम से एप अपने आप तैनाती वाले स्कूल को ट्रेस कर लेगा। सेल्फी न भेजने वाले दिन छुट्टी चढ़ जाएगी।
तीन बार भेजनी होगी सेल्फी
शिक्षकों को हेड टीचर को दिनभर में तीन बार सेल्फी खींचकर डालनी होगी। जिसमें सुबह प्रार्थना के समय ऐसी सेल्फी डालनी होगी, जिसमें सारे बच्चे भी नजर आए। सेल्फी में आए बच्चों की संख्या भी एप काउंट कर लेगा। इसके बाद दोपहर को एमडीएम के समय भी सेल्फी डालनी होगा। इसके बाद जब छुट्टी होगी समय स्कूल के बच्चे के साथ फिर एक बार सेल्फी खींच कर फोटो डालनी होगी। खास है कि एप जीओ, जीपीएस सिस्टम है। लिहाजा लोकेशन अपने आप ट्रेस हो जाएगा।
सभी की होगी आईडी
हेड टीचर के अलावा, सहायक शिक्षक, अनुदेशकों तथा शिक्षामित्र की भी आईडी इस एप पर होगी। इन सभी को स्कूल पहुंचकर सेल्फी के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। अन्यथा की स्थिति में अनुपस्थिति दर्ज होगी और उस दिन का वेतन कट जाएगा।
बीएसए सुभाष गुप्त ने बताया कि बलिया प्रेरणा एप का संचालन पूरे प्रदेश में तीन जनपदों पर हो रहा है। एक सितंबर से प्रेरणा एप क्रियाशील होने के साथ ही पांच सितंबर से सेल्फी अटेंडेंस सिस्टम लागू हो जाएगा।