लालगंज। खपड़िया बाबा आश्रम परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वामी हरिहरानंद की उपस्थिति में 186 हिंदू जोड़ों ने साथ फेरे लिए और आजीवन एक-दूसरे का साथ निभाने की कसम खाई। वहीं पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। कुल मिलाकर कुल 191 जोड़ों की शादी हुई। हिंदू जोड़ों की सामूहिक शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ वेद मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। बैरियां विधायक सुरेंद्र सिंह ने कन्यादान किया। इस दौरान कई अधिकारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजना के तहत बुधवार को कुल 191 जोड़ों की शादी सामूहिक समारोह में कराई गई। इसमें बैरिया ब्लाक के 63, मुरली छपरा के 50, रेवती 15, बेरुआरबारी के 10, हनुमानगंज छह, बांसडीह पांच, बेलहरी आठ, सीयर दो, दुबहर छह, नवानगर चार, पंदह सात, रसड़ा एक, चिलकहर तीन, मनियर आठ, नगरा दो व बलिया नगर पालिका क्षेत्र की दो बेटियों की शादी संपन हुई। सामूहिक विवाह समारोह में 186 हिंदू जोड़ों की शादी आचार्य बुचुल मिश्र की अगुवाई में वैदिक मंत्रोचार के बीच हिंदू रीति रिवाज के अनुसार कराई गई। द्वार पूजा, वर पूजन से लेकर सिंदूर दान तक की रस्में विधि के साथ संपन्न कराई गईं। सामूहिक विवाह के गवाह मौके पर मौजूद हजारों लोग बने। बैरिया विधायक समेत अधिकारियों ने वर वधू को आशीर्वाद दिया। आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोगों ने शादी समारोह में हिस्सा लिया। शादी के बाद हिंदू जोड़े को एक जगह बैठाकर स्वामी हरिहरानंद ने आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि शादी कराना अपने आप में बहुत ही पुण्य का काम है।
मौलवी ने कराया पांच मुस्लिम कन्याओं का निकाह : लालगंज। खपड़िया बाबा आश्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के दौरान मौलवी बेलाल ने बुधवार को पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति रिवाज से कराया। इस दौरान बैरिया निवासिनी नगमा खातून पुत्री शिबूलू का निकाह युसुफपुर मुहम्मदाबाद निवासी मुहम्मद इस्लाम पुत्र लुकमान, भरत छपरा बैरिया की सकीना पुत्री इसराफी की शादी शमशाद पुत्र नसीम सहतवार, भीखाछपरा की हीना खातून पुत्री लियाकत हुसेन का निकाह सद्दाम हुसेन पुत्र सुल्तान और सकीना पुत्री मुस्तफा का निकाह शमशाद पुत्र नसीम के साथ कराया।
आपन खोरिया बहार ए सुरेंद्र बाबा... से गूंजा पंडाल : लालगंज। सामूहिक विवाह समारोह में दरवाजे पर बरात लगाने का रस्म भी बैंड बाजे के साथ पूरा किया गया। भोजपुरी गायक संजय शिवम ने आपन खोरिया बहार ए सुरेंद्र बाबा, अवतारे दूल्हा दामाद... प्रस्तुत किया। पंडाल में मौजूद लोगों ने उनकी प्रस्तुति को सराहा। इसके बाद वर और कन्या पक्ष के लोगों ने अन्य रस्मों को पूरा किया। विवाह कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद भी गीत गवनई का कार्यक्रम देर तक चलता रहा।
जन सहयोग से एकत्रित सामान भी जोड़ों को दिया : लालगंज। सरकारी व्यवस्था के तहत प्रत्येक जोड़े को बर्तन सेट, कुकर, दो चादर, शृंगारदान, पायल, बिछिया आदि दिया गया। वहीं जन सहयोग से एकत्रित सामानों में एक बड़ा बक्सा, सीलिंग फैन, तोषक, रजाई, पांच-पांच साड़ियां, एक पांच किलो का गैस सिलेंडर व चूल्हा भी विधायक सुरेंद्र सिंह ने जोड़ों को दिया। इस मौके पर सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, समाज कल्याण अधिकारी बलिया तिलकधारी, बैरिया व मुरली छपरा ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी पीके सिंह, एसडीएम बैरिया दुष्यंत कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार ,इंटक के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह, समाजसेवी सूर्यभान सिंह, कमलेश वर्मा आदि रहे।
पेयजल, सचल शौचालय की थी व्यवस्था : लालगंज। भीषण गर्मी को देखते हुए सामूहिक विवाह समारोह स्थल पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। पानी टैंकर, पानी के पाउच की भरपूर व्यवस्था की गई थी। वहीं महिलाओं को असुविधा न हो इसके लिए सचल शौचालय की भी व्यवस्था की गई थी।
पुलिस की तैनाती के बाद भी उचक्कों ने किया हाथ साफ : लालगंज। सामूहिक विवाह समारोह स्थल पर भारी मात्रा में पुलिस और महिला पुलिस की तैनाती की गई थी लेकिन इसके बावजूद उचक्कों ने कई महिलाओं के मंगल सूत्र, सिकड़ी, कान की बाली पर हाथ साफ कर दिया।
पंजीकृत 235 लाभार्थियों में से 44 मिले अपात्र :लालगंज। समाज कल्याण अधिकारी तिलकधारी ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए कुल 235 जोड़ों ने आवेदन किए थे लेकिन जांच में 44 जोड़े अपात्र पाए गए। इसलिए केवल 191 जोड़े की शादी ही कराई गई। इनमें पांच मुस्लिम व एक असहाय कन्या की शादी हुई।