बारिश के चलते धंसा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर बने गड्ढा में खंभा लगाते ग्रामीण।संवाद
जयप्रकाश नगर। गाजीपुर से मांझी तक निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में शुक्रवार को निर्माण संबंधी लापरवाही सामने आई। पहली ही बारिश में 12 फीट का गड्ढा बन गया है।
बैरिया-मांझी मार्ग पर मठ योगेंद्र गिरी चट्टी के समीप जल निकासी के लिए पुलिया को कार्यदायी संस्था ने बिना समुचित भराई किए केवल मिट्टी डालकर बंद कर दिया। उसके ऊपर सड़क बना दी गई थी। मानसून की पहली ही बारिश में पुलिया के भीतर की मिट्टी बह गई। इससे गड्ढा बन गया।
लोगों ने बताया कि मांझी (बिहार) से बैरिया की ओर आ रहे एक वाहन का पहिया जैसे ही उक्त स्थान पर पहुंचा, सड़क धंस गई और नीचे गहरा गड्ढा बन गया। स्थानीय निवासी क्रांति सिंह, सियाराम ठाकुर, भाजपा नेता सुनील कुमार सिंह ‘पप्पू’ तथा राजेश सिंह, गोलू यादव आदि ने बताया कि यहां वर्षों से बनी पुलिया आसपास के कई गांवों के वर्षा जल निकासी का प्रमुख माध्यम थी। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान उसे बंद कर दिया गया था। इससे आसपास के इलाकों में जलभराव की भी समस्या है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी बाधित होने की आशंका से संबंधित अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। हादसे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर गड्ढे बने स्थान पर बल्लियां गाड़ दीं और लाल कपड़ा बांधकर राहगीरों को खतरे से आगाह किया। बैरिया उपजिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसी स्थिति है तो संबंधित विभाग से जानकारी लेकर तत्काल जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बारिश के चलते धंसा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर बने गड्ढा में खंभा लगाते ग्रामीण।संवाद