बैरिया। अधिवक्ता से मारपीट करने के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर तहसील परिसर में एसडीएम न्यायालय के सामने बैरिया तहसील बार के अधिवक्ताओं का क्रमिक अनशन व धरना शनिवार को 13वें दिन भी जारी रहा। जबकि 23 दिनों से तहसील के अधिवक्ता लगातार न्यायिक बहिष्कार पर हैं। बैरिया से अधिवक्ताओं के आंदोलन की आग अब पूरे जिले में फैल चुकी है। शनिवार को जिले में न्यायिक कार्य ठप रहा।
बैरिया तहसील बार के पूर्व मंत्री बसंत पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकरण में बलिया में हमारे संयुक्त बार की मीटिंग हुई। जिसमें तय हुआ कि हम पूरे जिले में काम बंद कर देंगे। क्रिमिनल, सिविल, रेवेन्यू ने शनिवार को कार्य बंद रखा। बताया कि सोमवार को पूरे जनपद में अधिवक्ताओं द्वारा चक्का जाम का भी निर्णय बैठक में लिया गया है। कहा कि में मुकदमा दर्ज होने के बाद एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हमें तो लग रहा है कि मामला ही रफा दफा कर दिया गया है लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर देवेंद्र मिश्र, ओमप्रकाश सिंह, अरुण श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रसाद, मिथिलेश सिंह आदि रहे।