राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखते पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह।
- फोटो : BALLIA
नगरा। पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने भी बुधवार को राष्ट्रपति और राज्यपाल को पत्र लिखकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को अफसरों के चंगुल से मुक्त होना चाहिए। नौकरशाही का इस्तेमाल आमजन को न्याय दिलाने के लिए होना चाहिए।
पूर्व विधायक यूपी बोर्ड के अंग्रेजी के पेपर लीक मामले में पत्रकारों को जेल भेजने के खिलाफ चल रहे पोस्टकार्ड लेखन अभियान में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को खत लिखकर कहा कि सरकार के शब्द और कर्म में कोई तालमेल नहीं दिख रहा है। परीक्षा के दौरान सरकार भ्रष्ट अफसरों को ही मालिक बना देती है। बलिया में 80 प्रतिशत वित्तविहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए। एडेड विद्यालयों को लाखों रुपये वेतन के मद में दिए जा रहे हैं, लेकिन उनको परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया। इसी से जाहिर है कि अफसरों की मंशा नकल को फलने-फूलने देने की है। पत्रकारों ने तो सत्य को उजागर किया है तो उन्हें जेल भेज दिया गया। पत्रकारों के आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा, लेकिन अधिकारी आज भी अपने पद पर बने हुए ैहैं। उनको कानून का डर नहीं है। अधिकारी जनता को ही कानून का डर दिखाकर भयादोहन कर रहे हैं।