बेल्थरारोड। नगर पंचायत वार्ड नंबर सात निवासी हाजी अब्दुल रहमान की पौत्री तमन्ना-ए-रुखसार पुत्री वकील अहमद ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में एमएससी में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।
23 दिसंबर को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित दीक्षांत समारोह में डीन डॉ मल्लिकार्जुन जोशी ने तमन्ना-ए- रुखसार को स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान कुलपति डॉ राकेश भटनागर, प्रख्यात अर्थशास्त्री पद्म विभूषण विजय केलकर छात्र-छात्राएं और सम्भ्रांतजन मौजूद रहे। वर्ष 2014 में ज्ञानकुंज सीनियर सेकेंडरी स्कूल से उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्रा को सम्मानित कर चुके हैं। छात्रा की सफलता से खुशी का माहौल है। छात्रा ने सफलता का सारा श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।