फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन दर्जन घरों के सामान, 32 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जली

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। जिले में सोमवार को आग से करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों की गृहस्थी तबाह हो गई। जबकि 32 एकड़ में लगी गेहूं की फसल राख बन गई। इतना ही नहीं आग की जद में आकर एक महिला समेत दर्जन भर मवेशी भी झुलस गए। अलग-अलग स्थानों पर लगी आग पर आसपास के लोगों ने दमकल विभाग की मदद से काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। प्रशासनिक अधिकारी अग्निकांड से नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
विज्ञापन

दुबहर विकास खंड अंतर्गत गंगा पार शिवपुर दियर नंबरी के हरदेव सिंह के डेरा में रविवार देर रात अचानक आग लगने से दर्जन भर रिहायशी झोपड़ियां और गृहस्थी का सामान राख हो गया। साथ ही चार गाय और एक पड़िया ने भी झुलस कर दम तोड़ दिया। घटना में गांव के राजाराम, हरिशंकर, शिवाशंकर, रमाशंकर, रामश्रय, मनोज, सुरेश, हरेराम, छितेश्वर और शिवजी यादव के आशियाने भी जल गए।
जयप्रकाशनगर संवाददाता के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र के यादव नगर चांददियर बस्ती में सोमवार को चिंगारी से लगी आग में 13 लोगों की 16 रिहायशी झोपड़ी व टिन शेड में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर एसएचओ राजीव कुमार मिश्रा ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ग्रामीणों के सहयोग से करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक दैनिक उपभोग का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, टिन शेड में बंधी एक पड़िया, एक पड़वा व चार भैंसें झुलस गईं।
विज्ञापन

बेरुआरबारी संवाददाता के अनुसार, खेजुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करम्बर, बहेलिया, तारडीला गांव होते हुए सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनौती में सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में लगभग दर्जनों किसानों की 30 एकड़ में गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। तेज हवाओं से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। आग इतनी भयावह थी कि आधे घंटे तक मनियर बेरुआरबारी मुख्य मार्ग बाधित रहा।
फेफना संवादाता के अनुसार सोमवार दोपहर दलित बस्ती में अज्ञात कारण से आग लग गई, जिसमें एक महिला बुरी तरह झुलस गई। दो दर्जन बकरी, दो गाय, दो भैंस, पांच मुर्गी, गुमटी, ठेला, दस रिहायशी झोपड़ी के साथ गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
सुखपुरा संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के सपही (भवरपुर) में सोमवार को दोपहर में अज्ञात कारण से आग लग गई। प्रेम, रोहित की रिहायशी झोपड़ी जल कर राख हो गई और उसमें रखा सारा सामान भी जल गया। आग में रोहित की बाइक भी जल गई। दोनों परिवार आसमान के नीचे आ गए हैं।
मझौवां संवाददाता के अनुसार, रेवती थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर में सोमवार दोपहर भीषण आग से लगभग डेढ़ दर्जन परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाया। बैरिया विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह ने अग्नि पीड़ितों के बीच पहुंच उनका हाल जाना व आर्थिक सहायता दी।
रसड़ा संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के गढ़िया गांव में सोमवार दोपहर बिजली की तार से निकली चिंगारी से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। फायर ब्रिगेड व ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक पांच बीघा गेहूं की खड़ी फसल जल गई। बताया जाता है कि हिता का पुरा निवासी सुधीर सिंह के खेत के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है। इससे निकली चिंगारी ने आग का रूप लेकर फसल को राख कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें