नरहीं। भरौली गोलंबर से गाजीपुर और बलिया मार्ग 16 घंटे जाम रहा। रक्षाबंधन की भीड़ सुबह से लेकर शाम तक भरौली गोलंबर पर बनी रही। यात्रियों को घंटों जाम में बिताना पड़ा। रक्षाबंधन पर महिलाओं को जाम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर सबेर किसी तरीके से उन्होंने यात्रा पूरी की।
जाम शुक्रवार की रात 12 बजे से लगना शुरू हुआ। भरौली गोलंबर से गाजीपुर मार्ग पर पखनपुरा तक 25 किलोमीटर तक पहुंच गया। शनिवार भोर में जाम बलिया मार्ग पर सोहांव तक तथा बक्सर मार्ग पर भोजपुर के आगे तक 20 किलोमीटर तक जाम लगा रहा। शनिवार शाम तक जाम लगा रहा। जाम की वजह रास्ते में खराब ट्रक चालकों का ट्रक में ही सो जाना और भरौली गोलंबर स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क पर दो गड्ढों को बताया जा रहा था। जाम को छुड़ाने में पुलिसकर्मी नाकाम रहे।
दो दिन पहले गड्ढे के वजह से प्याज लदा ट्रैक्टर व भूसी लदा ट्रक पलट गया था, लेकिन गड्ढे की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे भरौली गोलंबर पर हमेशा जाम लगा रहता है। घंटों जाम में फंसे यात्रियों की बक्सर रेलवे स्टेशन से ट्रेनें छूट गई। दो एंबुलेंस फंसी रहीं। रक्षाबंधन पर भरौली गोलंबर पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई थी, लेकिन जाम के चलते गाजीपुर और बलिया स्टैंड पर वाहनों की कमी देखी गई। महिलाओं को वाहनों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। दो दिन हुई बारिश से भरौली गोलंबर के तीनों तरफ कीचड़ से नारकीय स्थित उत्पन्न हो गई है।