नगर के बापू भवन टाउन हाल के मैदान में बुधवार को तीन दिवसीय स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) कार्यशाला का समापन किया गया। इसमें ग्रामीण सफाई कर्मियों को स्वच्छ भारत मिशन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जागरूक करते हुए कहा गया कि स्वच्छाता से ही स्वस्थ काया मिलेगी।
मुख्य अतिथि डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में तैनात सफाईकर्मियों का दायित्व अब बढ़ गया है। गांवों में स्वच्छ भारत मिशन के दिशा निर्देशों के मुताबिक कार्य होना चाहिए। कहा कि बहुत से गांवों में सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन सफाई की जगह वे अपना कार्य कर रहे हैं।
जबकि शासन की मंशा है कि गांवों में तैनात सफाई कर्मी अब एक सरकारी कर्मचारी की तरह से कार्य करें। स्वच्छता अपनाने के साथ स्वच्छता के लिए गांव के लोगों को शौचालय निर्माण के लिए जागरूक किया। इस दौरान गांव में तैनात स्वच्छता दूत के कार्य के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस मौके पर जिला परियोजना समन्वयक शैलेश ओझा ने शौचालय निर्माण, रखरखाव, इस्तेमाल तथा शौचालय से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत रवि शंकर यादव, अंगद सिंह, रविकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।