परमार्थ गैस एजेंसी बैरिया से पिछले कई दिनों से रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को गैस गोदाम के बगल में बीबी टोला शहीद स्मारक मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। एजेंसी प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जाम से इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। जिससे कई यात्रियों की ट्रेनें भी छूट गई। चौकी प्रभारी के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
कर्णछपरा के दीपक सिंह, शोभाछपरा के अभिज्ञान सिह, शुभनथही के मनीष मिश्र, झण्डाभारती के मठिया के राजेश भारती, लुटईपुर के गोलू मिश्र सहित दूर दराज के गावों से आए सैकड़ों उपभोक्ताओं का आरोप था कि सिलेंडर दो से तीन किग्रा कम गैस मिलता है। ठेले से वितरित करने वाले रसीद पर छपे मूल्य से 30 से 100 रुपये अधिक लेकर, वजन भी दो से तीन किग्रा कम गैस देते हैं। किसी भी ठेले पर वजन करने वाली मशीन नहीं रहती।
गैस लगाने के लिए यहां रात से ही लाइन लगानी पड़ती है और ऊपर से एजेंसी के संचालक दबंगई दिखाते हुए कहते हैं कि जाओ जहां शिकायत करना हो कर लो। हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। लुटईपुर के गोलू मिश्र ने बताया कि मैं शुक्रवार से रोज रात में दो बजे से ही आकर लाइन में लग जाता हूं।
रविवार को गोदाम पर अपने चहेतों को लाइन से अलग हटा कर सिलेंडर दिये जाने पर जब मैं इसका विरोध किया तो हमें अंदर खींचकर गोदाम कर्मचारियों ने मारा। आंदोलन करने वाले किसी सक्षम अधिकारी के आने की मांग कर रहे थे। दो घंटे तक जाम व आवागवन ठप रहने पर वहां पहुंचे चौकी प्रभारी बैरिया विजय प्रताप आंदोलित लोगों को रास्ता जाम करने पर मुकदमा दर्ज करने का भय व कल सभी को गैस मिल जाने का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया।