मथुरा पीजी कालेज के छात्र एवं छात्रनेता मंगलवार को प्राचार्य के कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गये। नेताओं का आरोप है कि प्राचार्य द्वारा विभिन्न मदों से आए धन का दुरूपयोग किया जाता है, जिससे कालेज का विकास तथा शिक्षा प्रभावित होती है।
उन्होंने मांग की कि विभिन्न मदों से आए धन का विवरण का विस्तार रूप से छात्रों को उपलब्ध कराया जाय।
इस मौके पर छात्रनेता दिलीप सिंह ने कहा कि प्राचार्य द्वारा विभिन्न मदों से आए धनराशि का विवरण देने की बात कही जाती है तो वे आनाकानी करने लगते है।
जिससे उनकी धनराशि हड़पने में संलिप्ता दिख रही है। वहीं महामंत्री राजमंगल ने कहा कि छात्रसंघ पदाधिकारियों के बगैर हस्ताक्षर कराए ही प्राचार्य विभिन्न मदों की धनराशि को निकाल कर पचा जाते है। जब भी उनसे इसके बारे में विवरण में मांगा जाता है तो हीलाहवाली करने लगते है।
इसकी शिकायत जिलाधिकारी से भी कई बार की जा चुकी है। लेकिन उनके द्वारा भी अब भी कोई कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर मजबूरी में अनशन शुरू किया गया है। चेताया कि जब तक विभिन्न मदों का विवरण प्राचार्य द्वारा उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक अनशन जारी रहेगा।
अनशन पर बैठने वालों में राजमंगल यादव, दिलीप सिंह, राजबीर सिंह, रामप्रवेश सिंह, रंजन गुप्ता, सानू जायसवाल, आनंद सिंह, नौशाद आलम रहे। इस मौके पर दुर्गेश सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, करन सिंह, अमरेश भारती, रामप्रवेश यादव, विवेक सिंह, संतोष पांडेय आदि मौजूद रहे।