जिले के अलग-अलग इलाके में पिछले 24 घंटे में करेंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों की वजह जर्जर बिजली के तारों को भी बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि वर्षों पहले लगे बिजली के तार अत्यंत जर्जर हो गए जो तेज हवा चलने पर टूट जा रहे हैं और जानमाल का नुकसान हो रहा है।
सोमवार की शाम को उजियार गांव के कुमकुम पट्टी के पास ढीले हाईटेंशन तार का संपर्क 440 वोल्ट के तारों से हो गया। इसी बीच कुमकुम पट्टी निवासी लालबाबू वर्मा (22) अपने छत पर बरसात का पानी साफ कर रहा था कि छत से छूकर गुजरे तार के संपर्क में आकर गिर पड़ा।
परिवारीजन उसे इलाज के लिए बक्सर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं नरहीं थाने के सिकंदपुर निवासी शिव चौधरी (17) पुत्र लालबचन घर में पंखा का तार ठीक कर रहा था। इसी बीच उसे करेंट लग गया और मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर बांसडीह क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में करेंट लगने से बेबी वर्मा (34) पत्नी रामप्रवेश वर्मा की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बेबी लोहे की तार की रेंगनी पर कपड़े फैला रही थी जिसमें करेंट उतर गया था।