बलिया। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट स्थित बहुउद्देशीय सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सरकार की ओर से आम जनमानस की सुविधा के लिए कराए गए विभिन्न कार्यों को सबके बीच साझा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, आवास एवं विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी, भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि गुलाब देवी ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद किसानों को ऋण माफी, फसल बीमा प्रतिपूर्ति, घर-घर बिजली, नि:शुल्क कनेक्शन जैसे सराहनीय कार्य किए गए। गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए 40 लाख से अधिक आवास का निर्माण कराया गया। 72 हजार से अधिक की स्वीकृति होनी है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर वृद्ध होने तक की सुविधा को ध्यान में रख केंद्र और प्रदेश सरकारों ने काम किया। योगी के भय से अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं। सरकार ने घर-घर शौचालय देकर महिलाओं को सम्मान तथा आर्थिक रूप कमजोर परिवार को पक्का छत, रसोई के लिए गैस कनेक्शन देकर बड़ी राहत दी है। पारदर्शी तरीके से लाखों सरकारी नौकरी दी गई, जिसने मेहनत की उसे नौकरी मिली।
विशिष्ट अतिथि अश्विनी त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के जरिए देश को खुले में शौचमुक्त बनाया गया। प्रदेश को चार एक्सप्रेस वे, 30 मेडिकल कालेज, पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिली। प्रदेश महामंत्री और क्षेत्रीय प्रभारी गोरखपुर अनूप गुप्ता ने कहा कि गांव का गरीब सपना देखता है कि उसका लड़का पढ़कर कुछ बन जाए। उस सपने को पूरा करने के लिए सरकार ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई। जिस तरह विद्यालयों का कायाकल्प कराया, उसी तरह गांवों का भी कायाकल्प कराएगी।
देवालय से लेकर विद्यालय तक को सजाया
बलिया। विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने देवालय से लेकर विद्यालय तक को सजाकर बेहतर बनाने का काम किया। राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने जो कर दिखाया, वह पहले नहीं था। प्राथमिक शिक्षकों की व्यापक नियुक्ति कर स्कूलों की हालत ठीक की। राशन, पेंशन में पारदर्शी व्यवस्था लागू की। मुख्यमंत्री सामूहिक शादी के माध्यम से गरीब पिता की पुत्री की शादी कराकर बड़ी राहत दी। भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने सरकार के चार साल की विभागवार उपलब्धियों का विस्तार से बखान किया। उन्होंने कहा कि 46 योजनाओं में प्रदेश पूरे देश में पहले नम्बर पर है। देश की अर्थव्यवस्था में भी प्रदेश की भूमिका दूसरे नंबर पर है।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
बलिया। कार्यक्रम में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, आजीविका मिशन, दिव्यांग उपकरण व अन्य विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और उपकरणों का वितरण किया गया। अतिथियों ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 27 लाभार्थी, निराश्रित पेंशन के 11, दिव्यांग पेंशन के पांच तथा पीएम आवास योजना ग्रामीण के 10 लाभार्थी को स्वीकृति पत्र वितरित किया। इनके अलावा, 15 दिव्यांगों को मेंटल रेटार्डेड (एमआर) किट, 10 दिव्यांग को कान की मशीन व 19 लाभार्थी को ट्राई साईकल का वितरण किया गया। सामुदायिक शौचालय के संचालन के लिए डेमो चाभी का वितरण काली मां स्वयं सहायता समूह, खेवसर (बांसडीह) और नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह, भरतपुरा (हनुमानगंज) को किया गया। लाभार्थी किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान पर मिले कृषि यंतस्त्रत्त्र स्वीकृति पत्र व बेहतर उत्पादकता प्राप्त करने वाले प्रगतिशील कृषकों में प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। खादी ग्रामोद्योग विभाग के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया।