बैरिया (बलिया)। थाना क्षेत्र के मिश्र के मठिया गांव में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी लल्लन यादव और रंजू देवी समेत दो बाल अपचारियों को पकड़ा है।
एसएचओ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस दौरान दरवाजे पर खड़ी चार पहिया गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई थी। मामले में भृगुनाथ यादव की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि प्राथमिकी से जुड़े चार आरोपित जिला मुख्यालय पर अधिकारी को प्रार्थना पत्र देने पहुंचे हैं। इस पर उपनिरीक्षक मुकेश कुमार ने टीम के साथ पुलिस क्लब तिराहे के पास घेराबंदी कर दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया। वहीं लल्लन यादव और रंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया। थान प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस मांझी पुल पहुंची। आरोपियों ने बताया कि हथियार गंगा नदी पर बने पुल के बीच से नदी में फेंक दिए थे। हालांकि पुलिस को हथियार बरामद नहीं हो सके। संवाद