रात में मिल गया होता प्रदीप तो बच गई होती जान
सहतवार थाना के बहुआरा गांव निवासी प्रदीप की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। प्रदीप की दो वर्ष पूर्व काजल से शादी हुई थी। दोनों से चार माह की एक लड़की है। दो भाइयों में बड़ा प्रदीप छत्तीसगढ़ में कैंटीन चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। एक सप्ताह पूर्व घर आया था।
शाम को दोस्त राहुल के साथ हल्दी चट्टी किसी काम से गए थे। जहां से वापस लौटते समय दुर्घटना हो गई। ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना की खबर पर रात में काफी लोग मौके पर पहुंचे थे, उन्होंने हल्दी से लेकर गांव तक सड़क किनारे व नाते रिश्तेदारियों में खोजबीन की। फोन करने पर मोबाइल स्विच आफ बता रहा था। घटना स्थल पर खेत के अंदर किसी ने रात में जाकर नहीं देखा।
सुबह सड़क के 20 मीटर भीतर शव मिलने पर परिजन व ग्रामीण अफसोस जाहिर कर रहे थे, काश रात के समय खेत के अंदर जाकर देखा होता तो शायद प्रदीप की जान बच जाती। पूरी रात ठंड में पड़े होने के कारण हालत और बिगड़ होगी। अगर रात में प्रदीप मिल गया होता तो राहुल जैसे वह भी ठीक रहता। घटना की सूचना पर छोटा भाई सोनू तिवारी नागपुर से गांव के लिए चल दिया है।
सड़क से 60 मीटर अंदर खेत में कैसे पहुंचा शव?
हल्दी शराब दुकान से एक किमी के करीब सड़क दुर्घटना के बाद सड़क किनारे बुलेट व राहुल को देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल सड़क से करीब 60 मीटर अंदर खेत में प्रदीप का शव पड़ा था। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों के अनुसार आखिर प्रदीप खेत के अंदर कैसे पहुंचा, अगर किसी वाहन ने बुलेट को टक्कर मारी होती तो वह क्षतिग्रस्त होती, लेकिन बुलेट पर निशान नहीं है। टक्कर के बाद प्रदीप खेत के अंदर की जगह वहीं पास में पड़ा होना चाहिए था। परिजनों से इस बाबत पूछने बताया कि सवाल तो कई है, लेकिन सवालों का जबाब राहुल के होश में आने पर ही मिलेगा। अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
नव वर्ष की पूर्व संध्या की पार्टी मनाने गए युवक का मिला शव
नव वर्ष की पूर्व संध्या की पार्टी मनाने गए विजय शुक्ला का शव दूसरे दिन बृहस्पतिवार की शाम को कांशीराम आवास के पास नाले के गड्ढे में मिला। खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम को भेजा।
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के पाण्डेय के पोखरा निवासी विजय शुक्ला (36) तहसील में अधिवक्ता के साथ काम करते थे। बुधवार की रात न्यू ईयर की संध्या पर पार्टी में शामिल होने कांसीराम आवास के दो सौ मीटर दूर दरांव में पार्टी में गए थे। पार्टी समाप्त होने के बाद देर रात तक घर नहीं पहुंचे। परिजन रात में खोजबीन करने लगे। कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
दूसरे दिन सुबह विजय के लापता होने की खबर कस्बा में फैल गई, सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर जान पहचान वाले खोजबीन करने लगे। परिजन पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दे दी। पुलिस भी तलाश में जुट गई, पार्टी में शामिल दोस्तों व सीसी कैमरे को खंगाला।
विजय का भांजा शालू करीब आठ बजे कांशीराम आवास के पास बह रहे नाले तक पहुंचा। वहां नाले के पानी से भरे गड्ढे में विजय का शव पड़ा देख परिजनों को खबर की। मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया की परिजनों की तहरीर पर घटना की छानबीन की जा रही है।
सिंचाई करने गए किसान की मौत
बांसडीह क्षेत्र के कीर्तुपुर गांव में शुक्रवार को खेत की सिंचाई के दौरान एक किसान की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार कीर्तुपुर निवासी अंजनी चौहान (36) पुत्र दीना चौहान शुक्रवार को अपने गेहूं के खेत की सिंचाई कर रहे थे। शाम करीब 6 बजे अचानक अत्यधिक ठंड के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे खेत में ही गिर पड़े।
खेत में अचेत अवस्था में पड़े देख परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ मौके पर पहुंचे। पुलिस व एसडीएम को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंजनी चौहान परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अनियंत्रित बाइक सड़क के नीचे 20 फीट खाई में गिरी, युवक की मौत
बैरिया थाना क्षेत्र के ठेकहा बकुल्हा मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर शाम अनियंत्रित होकर बाइक सड़क के नीचे 20 फीट खाई में गिर गई। गंभीर रूप से घायल बाइक पर सवार राजू यादव 22 वर्ष की मौत जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। मौत की खबर लगते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
टोला फतेह राय गांव निवासी राजू यादव घर से किसी काम के लिए बाइक से मांझी घाट गया था। देर शाम वापस घर लौटते समय ठेकहा से बकुल्हा मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में जा गिरी। राजू गम्भीर रूप से घायल हो कर अचेत हो गया। सूचना पर चांददीयर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश मिश्र घायल को इलाज को सीएचसी पहुंचाया। जहां डाॅ. आशीष श्रीवास्तव प्राथमिक उपचार कर घायल की स्थिति गम्भीर देख बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव लेकर वापस घर आ गए। सुबह चांददीयर पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजवाया दिया। मौत की खबर पर परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल रहा। मृतक पांच भाइयो में सबसे छोटा था। शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। पति के मृत्यु की सूचना पाने के बाद पत्नी काजल बेसुध स्थिति में गई है।