लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर निवासी अभिजीत उर्फ विवेक राम की इलाज के दौरान मौत मामले में पुलिस ने बुधवार को चार नामजद लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक के पिता की तहरीर पर बुधवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी बैरिया ने घटना स्थल पर पहुंच कर मुआयना किया।
बता दें कि शिवपुर कपूर दियर निवासी अभिजीत उर्फ विवेक का 31 दिसंबर को घर से पार्टी में शामिल होने की बात कह कर निकला। एक जनवरी की सुबह जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन की। वह हृदयपुर गांव में एक दरवाजे के पास बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे इलाज के लिए वाराणसी ले गए जहां उसने दो दिनों में दम तोड़ दिया। मृतक के पिता लक्ष्मण राम की तहरीर पर पुुलिस ने बुधवार की देर शाम हृदयपुर के धर्मेंद्र व सुरेश और शिवपुर कपूर दियर निवासी निवासी उपेंद्र व फुलेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।