फेफना थाना के कपूरी गांव में लग्जरी वाहन से बकरी चुराने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चाेरी की तीन बकरियां और दो अवैध चाकू बरामद किया है। कपूरी निवासी शिवनाथ यादव ने तहरीर दी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात दो बजे आवाज सुनकर देखा कि घर के बाहर बंधी बकरी को स्कॉर्पियो में रख कर चार लोग ले जा रहे हैं। जब मना किया गया तो चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी देने लगे।
शिवनाथकी तहरीर पर पुलिस ने मनीष यादव, अच्छेलाल उर्फ बाछा चौधरी निवासी कपुरी, प्रमोद राजभर निवासी गंगहरा व अमरनाथ यादव उर्फ सिपाही निवासी रामगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चारों को थम्मनपुरा पुलिया के पास से दोपहर में गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि बकरी चोरी के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।