बलिया। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने रविवार को मेडिकल कॉरिडोर बाईपास, धरहरा-धर्मपुरा-कशेरुआ मार्ग और जिला अस्पताल में बनने वाले 50 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) का शिलान्यास किया।
इसके साथ ही रोडवेज बस स्टेशन से दानवीर भामाशाह के नाम पर संचालित बलिया-लखनऊ बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिवहन मंत्री ने कहा कि नगर विधानसभा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मेडिकल कॉरिडोर बाईपास बनने के बाद दुबहड़ क्षेत्र से आने वाले वाहन सीधे माल्देपुर मोड़ तक पहुंच सकेंगे, जिससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव काफी कम होगा।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला जेल, मेडिकल कॉलेज और बहुप्रतीक्षित भृगु कॉरिडोर परियोजना का कार्य भी जल्द शुरू कराया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में बनने वाला 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट जिले के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा। इसके बनने से गंभीर मरीजों को अत्याधुनिक उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी ।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व मंत्री नारद राय, नगर पालिका चेयरमैन संत कुमार मिठाईलाल, डंपू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-
भामाशाह के नाम पर बलिया-लखनऊ बस सेवा शुरू
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर और पूर्व मंत्री नारद राय के साथ रोडवेज बस स्टेशन से दानवीर भामाशाह के नाम पर संचालित बलिया-लखनऊ बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा से दोनों शहरों के बीच आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा तथा यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।