दुबहर क्षेत्र के श्रीरामपुर सवरूबांध गांव में भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे कृष्ण शंकर पांडेय की प्रतिमा स्थापना के लिए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही भाजपा आज इस मुकाम पर पहुंची है।
कृष्ण शंकर पांडेय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि उन्होंने भाजपा को पौधे की तरह सिंच कर पेड़ का रूप दिया। बलिया के भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं को श्री पांडेय के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। श्री पांडेय ने दुबहर के ब्लाक प्रमुख के पद पर रहते हुए क्षेत्र में कई विकास कार्यों की नींव रखी।
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण कुमार पांडेय के पुत्र एवं भाजपा के नेता वशिष्ठ दत्त पांडेय ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया। सांसद भरत सिंह ने रेल राज्यमंत्री से बलिया में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने का अनुरोध किया। सांसद ने कहा कि बहुत कम समय में मोदी सरकार ने जनहित योजनाओं को मूर्त रूप दिया। यह एक मिशाल है।
एमएलसी केदार नाथ सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया । भाजपा विधायक उपेंद्र तिवारी ने रेल राज्यमंत्री का माला पहनाकर कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से आनंद स्वरूप शुक्ल, नागेंद्र पांडेय, रमेश राय, जितेंद्र तिवारी, चंद्रप्रकाश पाठक, भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, ग्राम प्रधान सुनील सिंह, जिला पंचातय सदस्य पिंटू सिंह, प्रमोद पांडेय, संतोष पांडेय,संजय मिश्र आदि मौजूद रहे।