इंदरपुर (बलिया)। कैसरगंज-गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शनिवार को इंदरपुर के खनवर गांव पहुंचे। उन्होंने यहां दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के फाॅर्म हाउस पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया और शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया।
पूर्व सांसद का हेलिकॉप्टर शनिवार दोपहर करीब 2:10 बजे खनवर स्थित हेलीपैड पर उतरा। हेलिकॉप्टर देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। वहां से वे कार से दिवंगत विधायक के फार्म हाउस के लिए रवाना हुए, जहां करीब दो घंटे तक रुके। श्रद्धांजलि देने के बाद पूर्व सांसद ने दिवंगत विधायक के बेटे यूकेश सिंह व उनके भाई रमेश सिंह से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर कदम साथ देने का वादा किया।
उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह से मेरे 10 वर्षों से मधुर संबंध थे। इस अवसर पर हरी सिंह, ग्राम प्रधान अजय शर्मा, आईएएस विशाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, सचिंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
रामदेव बाबा नहीं, अब उद्योगपति हो गए हैं: बृजभूषण शरण सिंह-
इंदरपुर । खनवर पहुंचे कैसरगंज-गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने योग गुरु बाबा रामदेव पर जमकर निशाना साधा। दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केवल बाबा वाला ड्रेस पहनने से कोई बाबा नहीं हो जाता। रामदेव अब बाबा नहीं, उद्योगपति हो गए हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि बाबा रामदेव ने कोई भी आंदोलन दमदारी से नहीं खड़ा किया। अन्ना हजारे के आंदोलन में अचानक सूट पहनकर भाग निकले। उन्हें दमदारी से खड़ा रहना चाहिए था। स्वदेशी के मुद्दे पर हमला बोलते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि स्वदेशी आंदोलन के बाद बाबा रामदेव ने ऐसी कोई चीज नहीं है जिसको न बनाया हो।
सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट द्वारा उन पर हमेशा टिप्पणी की जाती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नकली खाद्य पदार्थों से कैंसर फैल रहा है। उन्होंने जो बीज बोया है, उसका परिणाम है कि गांव-गांव में लोग कैंसर के मरीज हो रहे हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि खुद बचें और परिवार को बचाएं। वहीं राजनीति में आपकी आगे क्या भूमिका होगी, इस सवाल के जवाब में पूर्व सांसद ने कहा कि राजनीति में जो कर्म होते हैं, उसे मैं कर रहा हूं। आगे ईश्वर जाने।